पड़ोसी ने घर बुलाकर बच्ची से की दरिंदगी, मुरादनगर में गैंगरेप…आरोपी गिरफ्तार

पड़ोसी ने घर बुलाकर बच्ची से की दरिंदगी, मुरादनगर में गैंगरेप…आरोपी गिरफ्तार

January 12, 2023 Off By NN Express

गाजियाबाद,12 जनवरी I गाजियाबाद में 24 घंटे में रेप की दूसरी वारदात हुई है। इंदिरापुरम इलाके में पड़ोस में रहने वाले शख्स ने 11 वर्षीय बच्ची को घर में बुलाकर रेप किया। पुलिस ने अजय नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने भाई-भाभी के साथ किराए के मकान में रहती है। भाई मजदूरी करता है और भाभी घरेलू सहायिका है। पड़ोस के मकान में किराए पर रहने वाला 26 वर्षीय अजय नोएडा की एक कंपनी में हाउस कीपिंग का जॉब करता है। बुधवार शाम करीब साढ़े 4 बजे अजय ने बच्ची को किसी बहाने से अपने कमरे में बुलाया और रेप किया।

शाम करीब 6 बजे बच्ची जब कमरे से बाहर निकली तो भाभी ने उसे बदहवास अवस्था में देखा। बच्ची ने भाभी को बताया कि अजय ने उसके साथ गंदा काम किया है। ये बात सुनते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने इंदिरापुरम पुलिस को घटना की सूचना दी। ACP स्वतंत्र सिंह ने बताया कि रेप के आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। साल-2020 में अजय की शादी हुई थी। उसका एक बच्चा भी है। पत्नी साल-2021 में विवाद के चलते उसको छोड़कर जा चुकी है। घटना के समय आरोपी नशे में था। बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा है।

गाजियाबाद के कस्बा मुरादनगर में 15 वर्षीय किशोरी से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में ई-रिक्शा चालक नाजिम और जाहिद को गिरफ्तार किया है। ये लड़की 10 जनवरी की शाम साढ़े 4 बजे मां से नाराज होकर घर से निकली थी। रास्ते में ई रिक्शा चालकों ने उसको बैठा लिया और एक सुनसान घर में ले जाकर रेप किया। इसके बाद उन्होंने लड़की को दिल्ली जाने वाली बस में बैठा दिया। वो आधी रात को गाजियाबाद में उतरी तो पुलिस की नजर पड़ गई। पुलिस ने उससे जब पूरा मामला पूछा, तब घटनाक्रम का पता चला।

लड़की ने बताया, शाम करीब साढ़े 7 बजे अंधेरा होते ही दोनों लड़के उसको एक खंडहरनुमा मकान में ले गए। वहां रेप किया। इसके बाद आरोपियों ने रात साढ़े 10 बजे लड़की को मुरादनगर बस स्टैंड पहुंचकर दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस में बैठाकर रवाना कर दिया। पैसे नहीं होने की वजह से रात 12 बजे गाजियाबाद में उतर गई। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने मुरादनगर थाना पुलिस से संपर्क साधा। रात में ही मुरादनगर पुलिस गाजियाबाद आई। पीड़िता को वापस लेकर गई। पीड़िता की ओर से बताए गए हुलिया, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।