जहरीली शराब पीने से दो सगे भाइयों की मौत

जहरीली शराब पीने से दो सगे भाइयों की मौत

December 25, 2022 Off By NN Express

मेरठ,25 दिसंबर I जहरीली शराब पीने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। रविवार सुबह दोनों का शव कमरे में मिला। पांच महीने पहले ही छोटे बेटे विकास की शादी हुई थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आबकारी की टीम भी पहुंचकर जांच कर रही है। घटना मवाना रोड के अम्हेडा गांव की है। रजपुरा के रहने वाले राजकुमार के दो बेटे मीरपाल (42) और विकास (22) परिवार के साथ रहते हैं। बड़ा बेटा मीरपाल बहचौला में फैक्ट्री में काम करता था। छोटा भाई विकास मेडिकल स्टोर में काम करता था। परिजनों के अनुसार दोनों शनिवार देर रात शराब पीकर घर आए थे।

परिजनों ने बताया कि दोनों भाइयों का गंगानगर में एक अस्पताल के सामने भी मकान है। इसी मकान में दोनों सो रहे थे। सुबह काफी आवाज लगाने के बाद दोनों नहीं उठे, मां उठाने गई तो कमरे में दोनों का शव पड़ा था। मां कश्मीरी ने शव देख शोर मचाया। शोर सुनकर आस-पास के लोग भी पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मीरपाल का अपनी पत्नी आरती से विवाद चल रहा है। विकास की शादी 5 महीने पहले जागृति विहार की रहने वाली कामिनी से हुई थी। विवाद के चलते कामनी भी मायके में रह रही है। दोनों का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। दोनों पति को छोड़कर चली गई हैं।

दोनों भाइयों की मौत के बाद आस-पास के लोगों हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया है कि जहरीली शराब पीने से ही दोनों की मौत हुई है। लोगों ने बताया कि घटना स्थल से चंद कदमों की दूरी पर ही शराब का ठेका है। संभवत: दोनों भाइयों ने इसी ठेके से शराब खरीदकर पी होगी। वहीं, ये भी बताया कि उक्त ठेका अवैध रूप से पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बनाया गया है।एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। वही, जिला आबकारी अधिकारी आलोक कुमार का कहना है कि सेक्टर-चार निरीक्षक प्रणव कुमार पांडेय को मौके पर भेजा गया है। शराब कहां से खरीदी गई है। इसकी जांच कराई जा रही है, और मृतक ने जिस शराब का प्रयोग किया था। उसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।