Home / Chhattisgarh / UP NEWS: बाराबंकी में भीषण हादसा, शव लेकर जा रही एंबुलेंस पिकअप में घुसी; भाई समेत 5 की मौत

UP NEWS: बाराबंकी में भीषण हादसा, शव लेकर जा रही एंबुलेंस पिकअप में घुसी; भाई समेत 5 की मौत

ख़बर शेयर करें:

बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार, 21 नवंबर की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. जयपुर से पश्चिम बंगाल शव लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े पिकअप में पीछे से घुस गई. टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में एंबुलेंस सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई. इनमें शव लेकर जा रहे दो रिश्तेदार और एंबुलेंस चालक समेत तीन अन्य लोग शामिल हैं.

हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 53वें किलोमीटर के पास हुआ. एंबुलेंस में पश्चिम बंगाल के अजीजुल हक का शव रखा था. उनके परिजन और रिश्तेदार शव लेकर जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रहे थे. रास्ते में एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकरा गई. पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई गई है.

टक्कर के बाद एंबुलेंस में सवार लोग बुरी तरह फंस गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. एंबुलेंस का दरवाजा तोड़कर काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया. हैदरगढ़ कोतवाल अनिल कुमार पांडे के मुताबिक, एंबुलेंस में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा. सभी की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों में अमीनुल हक (40) और उनके रिश्तेदार रूपिक (50) शामिल हैं. दोनों पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के मुक्ति बालाभूत गांव के रहने वाले थे. जयपुर निवासी मकबूल खान (52) की भी हादसे में मौत हो गई. इनके अलावा एंबुलेंस चालक हरिओम योगी (31) और अजय (33) ने भी दम तोड़ दिया. हरिओम राजस्थान के अलवर और अजय दौसा का निवासी था.

पुलिस ने मृतकों के पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर उनके परिवारों से संपर्क किया है. सभी शवों को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवाया गया है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा. हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा.

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *