POCO X8 Review: भारतीय स्मार्टफोन बाजार में POCO हमेशा से अपनी ‘X’ सीरीज के जरिए परफॉर्मेंस और बड़ी बैटरी वाले फोन्स पेश करने के लिए जाना जाता है. इस बार कंपनी अपने नए POCO X8 के साथ एक ऐसा प्रयोग लेकर आई है जो सेगमेंट में हलचल मचाने का माद्दा रखता है. इस फोन का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी काफी बड़ी 9000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी और इसकी ऑल-वेदर प्रोटेक्शन रेटिंग्स हैं. लेकिन क्या सिर्फ एक बड़ी बैटरी और मजबूत बिल्ड क्वालिटी ही किसी स्मार्टफोन को ऑलराउंडर बनाती है? हमने POCO X8 को इसकी डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, कैमरा और डेली यूसेज के आधार पर टेस्ट किया है. आइए, इसके रिव्यू में समझते हैं कि यह फोन अपनी खूबियों और कमियों के साथ किस तरह का अनुभव देता है.
POCO X8: डिजाइन
पोको एक्स8 का डिजाइन इसकी मजबूत बनावट को देखते हुए तैयार किया गया है. फोन की मोटाई 8.6 एमएम है और इसका वजन 226 ग्राम है. 9000एमएएच जैसी बड़ी बैटरी होने के कारण फोन हल्का तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन हाथ में इसकी मजबूती जरूर महसूस होती है. लंबे समय तक एक हाथ से इस्तेमाल करने पर वजन का अहसास हो सकता है, खासकर उन लोगों को जो हल्के और कॉम्पैक्ट फोन पसंद करते हैं.
फोन की सबसे बड़ी खूबियों में इसकी ड्यूरेबिलिटी शामिल है. इसमें कॉर्निंग गोरिल्ला विक्टस 2 प्रोटेक्शन दी गई है. इसके साथ आईपी66, आईपी68, आईपी69 और आईपी69के रेटिंग भी मिलती है. पोको एक्स8 को एसजीएस और टीयूवी की डबल फाइव-स्टार क्वालिटी सर्टिफिकेशन मिलने की बात भी कही गई है. इसका मतलब है कि कंपनी ने फोन की मजबूती और ड्यूरेबिलिटी पर खास ध्यान दिया है.
फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, आईआर ब्लास्टर और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. डुअल स्टीरियो स्पीकर भी मौजूद हैं, जो डॉल्बी एटमॉस और हाई-रेस ऑडियो सपोर्ट करते हैं. कुल मिलाकर डिजाइन के मामले में पोको एक्स8 मजबूत और प्रीमियम महसूस होता है, लेकिन 226 ग्राम वजन हर किसी को पसंद आए, यह जरूरी नहीं है.
POCO X8: डिस्प्ले
पोको एक्स8 में 6.83 इंच का बड़ा 1.5के सुपर सनलाइट एमोलेड डिस्प्ले दिया गया है. इसका रिजॉल्यूशन 2772 x 1280 पिक्सल है और फोन 120 हर्ट्ज तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. इसके अलावा 3500 निट्स पीक ब्राइटनेस, 12-बिट कलर डेप्थ और डीसीआई-पी3 वाइड कलर गैमट जैसी खूबियां भी दी गई हैं. कागज पर डिस्प्ले काफी शानदार नजर आता है.
बड़े स्क्रीन साइज की वजह से वीडियो देखने, सोशल मीडिया इस्तेमाल करने और गेम खेलने का अनुभव अच्छा रहता है. तेज धूप में भी स्क्रीन को देखने में ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए. फोन में सनलाइट डिस्प्ले, टीयूवी ट्रिपल आई प्रोटेक्शन और वेट टच 2.0 जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.
हालांकि, इस्तेमाल के दौरान डिस्प्ले उतना स्मूथ और रिफाइंड महसूस नहीं होता, जितनी उम्मीद 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट वाले फोन से की जा सकती है. स्क्रॉलिंग और एनिमेशन सामान्य इस्तेमाल में ठीक हैं, लेकिन फ्लैगशिप जैसी स्मूदनेस की उम्मीद रखने वालों को थोड़ा फर्क महसूस हो सकता है. दैनिक इस्तेमाल और ऐप स्विचिंग के दौरान यह डिस्प्ले उतनी फ्लूड या मक्खन जैसी स्मूथ महसूस नहीं होती, जितनी इस सेगमेंट के अन्य फोन्स में मिलती है. कभी-कभी HyperOS 3 के एनिमेशन में हल्का सा लैग या स्टटर देखने को मिल जाता है. एक बार तो यूट्यूब इस्तेमाल में फोन अपने आप एप को बार-बार बंद कर रहा था. ऐसा सॉफ्टवेयर ग्लिच के कारण हो सकता है. कुछ मिलाकर देखें तो डिस्प्ले खराब नहीं है, लेकिन फोन की बाकी खूबियों और स्पेसिफिकेशन को देखते हुए इसे और बेहतर तरीके से ऑप्टिमाइज किया जा सकता था.
गेमिंग के लिए फोन में 3200 हर्ट्ज तक इंस्टेंट टच सैंपलिंग रेट दिया गया है, जिसे गेम टर्बो मोड में एक्टिवेट किया जा सकता है. यह फीचर तेज गेमिंग रिस्पॉन्स में मदद कर सकता है. कुल मिलाकर डिस्प्ले बड़ा, ब्राइट और फीचर से भरपूर है, लेकिन इसकी स्मूथनेस हर स्थिति में उतनी प्रभावशाली नहीं लगती.
POCO X8: प्रोसेसर
पोको एक्स8 में स्नैपड्रैगन 6एस जेन 4 मोबाइल प्लेटफॉर्म दिया गया है. यह 4एनएम प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर बना है और इसमें ऑक्टा-कोर सीपीयू मिलता है. प्रोसेसर में चार कॉर्टेक्स-ए78 कोर 2.4 गीगाहर्ट्ज और चार कॉर्टेक्स-ए55 कोर 1.8 गीगाहर्ट्ज तक की स्पीड पर काम करते हैं. ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो जीपीयू दिया गया है.
कंपनी के मुताबिक इसका एनटूटू स्कोर 9 लाख से ज्यादा है, जिससे साफ है कि फोन रोजाना के ज्यादातर काम आसानी से संभाल सकता है. सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग, मल्टीटास्किंग और सामान्य गेमिंग में फोन अच्छा प्रदर्शन कर सकता है. इसमें 8जीबी तक रैम और 256जीबी तक स्टोरेज मिलती है.
256जीबी वेरिएंट में यूएफएस 3.1 स्टोरेज मिलती है, जबकि 128जीबी मॉडल में यूएफएस 2.2 स्टोरेज दी गई है. फोन में शाओमी हाइपरओएस 3 दिया गया है, जो एंड्रॉयड 16 पर आधारित है.
परफॉर्मेंस के मामले में फोन अच्छा बैलेंस देता है. यह कोई अल्ट्रा फ्लैगशिप प्रोसेसर नहीं है, लेकिन रोजाना के इस्तेमाल और सामान्य से लेकर कुछ हद तक हेवी टास्क के लिए पर्याप्त है. अगर आप सिर्फ बेंचमार्क नंबर के बजाय बैटरी और मजबूत बिल्ड के साथ भरोसेमंद परफॉर्मेंस चाहते हैं, तो पोको एक्स8 निराश नहीं करता.
POCO X8: कैमरा
कैमरा पोको एक्स8 का वह हिस्सा है, जहां फोन थोड़ा और बेहतर हो सकता था. फोन में 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है, जिसमें ओआईएस और एफ/1.8 अपर्चर मिलता है. इसके साथ 2 मेगापिक्सल का डेप्थ कैमरा दिया गया है. फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मौजूद है.
मेन कैमरा रोजाना की फोटोग्राफी के लिए ठीक है और ओआईएस की वजह से कुछ स्थितियों में तस्वीरें बेहतर मिल सकती हैं. फोन में एचडीआर, पोर्ट्रेट मोड, लाइव मोमेंट्स, अल्ट्रा एचडी मोड, पैनोरमा और प्रो मोड जैसे फीचर्स भी मिलते हैं. अंडरवाटर मोड को ओटीए अपडेट के जरिए दिए जाने की बात कही गई है.
लेकिन कैमरा परफॉर्मेंस को फोन की सबसे बड़ी ताकत नहीं कहा जा सकता. खासतौर पर जब बाकी स्पेसिफिकेशन इतने मजबूत हों, तब कैमरे से उम्मीद थोड़ी ज्यादा हो जाती है. फोन में सिर्फ मेन और डेप्थ कैमरा का सेटअप मिलता है, जिससे अलग-अलग तरह की फोटोग्राफी के विकल्प सीमित हो जाते हैं.
अच्छी रोशनी में 50MP का प्राइमरी कैमरा OIS की मदद से शार्प और साफ तस्वीरें खींच लेता है. लेकिन कलर्स नेचुरल नहीं रहते लेकिन डिटेल्स सही मिलती हैं. लेकिन कम रोशनी में कैमरा उतना बढ़िया नहीं लगता है. 2MP का डेप्थ सेंसर सिर्फ नाम का है, एज-डिटेक्शन कभी-कभी सटीक नहीं होता. लो-लाइट फोटोग्राफी औसत है, जहां तस्वीरों में थोड़ा नॉइज देखने को मिलता है.
वीडियो रिकॉर्डिंग की बात करें तो रियर और फ्रंट दोनों कैमरे 1080पी 30एफपीएस तक वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं. कुल मिलाकर कैमरा सामान्य फोटो और वीडियो के लिए काम का है, लेकिन अगर आपकी प्राथमिकता कैमरा क्वालिटी है तो यह फोन आपके लिए नहीं है.
POCO X8: बैटरी
बैटरी पोको एक्स8 की सबसे बड़ी और सबसे दमदार खासियत है. फोन में 9000एमएएच की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो आज के स्मार्टफोन में काफी बड़ी क्षमता मानी जा सकती है. यही वह फीचर है जो पोको एक्स8 को दूसरे कई फोन से अलग बनाता है.
बड़ी बैटरी का सीधा फायदा उन यूजर्स को मिलेगा, जो फोन का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं. वीडियो देखना, सोशल मीडिया, गेमिंग और दूसरे रोजाना के काम करने के बाद भी बैटरी को लेकर बार-बार चिंता करने की जरूरत कम हो सकती है. भारी इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए यह फोन खासतौर पर उपयोगी साबित हो सकता है.
इतनी बड़ी बैटरी के साथ कंपनी ने 67वॉट हाइपरचार्ज सपोर्ट भी दिया है. अच्छी बात यह है कि बॉक्स में 67वॉट का चार्जर शामिल है. फोन 22.5वॉट वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है, यानी जरूरत पड़ने पर इससे दूसरे डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है.
फोन में शाओमी सर्ज जी1 बैटरी मैनेजमेंट चिप भी दी गई है. हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि वास्तविक चार्जिंग पावर इस्तेमाल की स्थिति के हिसाब से अलग हो सकती है. फिर भी, बैटरी और चार्जिंग के मामले में पोको एक्स8 का पैकेज काफी मजबूत है. अगर आप लंबे बैटरी बैकअप को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं, तो यह फोन आपको जरूर पसंद आ सकता है.
POCO X8: वर्डिक्ट
पोको एक्स8 एक ऐसा स्मार्टफोन है, जिसकी सबसे बड़ी पहचान इसकी 9000एमएएच की बड़ी बैटरी और मजबूत बिल्ड क्वालिटी है. फोन में गोरिल्ला विक्टस 2, कई आईपी रेटिंग, 67वॉट फास्ट चार्जिंग और 22.5वॉट रिवर्स चार्जिंग जैसे फीचर्स इसे खास बनाते हैं. स्नैपड्रैगन 6एस जेन 4 प्रोसेसर भी रोजाना के इस्तेमाल के लिए अच्छा परफॉर्मेंस देता है.
हालांकि, फोन हर मामले में परफेक्ट नहीं है. 1.5के एमोलेड डिस्प्ले स्पेसिफिकेशन के मामले में अच्छा है, लेकिन इस्तेमाल के दौरान इसकी स्मूथनेस और बेहतर हो सकती थी. कैमरा भी सामान्य इस्तेमाल के लिए ठीक है, लेकिन फोटोग्राफी पसंद करने वाले यूजर्स को इससे ज्यादा उम्मीद नहीं रखनी चाहिए.
अगर आपकी पहली प्राथमिकता दमदार बैटरी, मजबूत बिल्ड क्वालिटी और नॉर्मल परफॉर्मेंस है, तो पोको एक्स8 एक अच्छा विकल्प बन सकता है. लेकिन अगर आप सबसे स्मूथ डिस्प्ले और बेहतरीन कैमरा एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो खरीदने से पहले इन पहलुओं पर जरूर विचार करें. कुल मिलाकर पोको एक्स8 बैटरी और ड्यूरेबिलिटी में मजबूत है, जबकि डिस्प्ले और कैमरा के मामले में यह निराश करता है.







