Home / Chhattisgarh / LIC पॉलिसी की रकम लौटाने का झांसा देकर 69.37 लाख रुपए की ठगी, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

LIC पॉलिसी की रकम लौटाने का झांसा देकर 69.37 लाख रुपए की ठगी, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:

कवर्धा। बंद पड़ी एलआईसी पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का झांसा देकर 69 लाख 37 हजार 518 रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग (NCDRC) और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने 7 अक्टूबर 2026 को साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी बंद पड़ी एलआईसी पॉलिसी की जमा राशि वापस दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपियों ने एनओसी, न्यायालयीन प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 69,37,518 रुपये जमा करा लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। बैंक खातों के लेन-देन और साइबर तकनीकी विश्लेषण में मोहम्मद जैद खान (37), निवासी जामिया नगर दिल्ली की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से लगातार पांच दिनों तक तलाश कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है और अपने सहयोगी के साथ मिलकर बंद पड़ी बीमा पॉलिसियों की रकम वापस दिलाने के नाम पर ठगी करता था। इसके लिए फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपी ने अपने सहयोगी के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, साइबर थाना कबीरधाम अब तक ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *