Home / Chhattisgarh / KORBA BREAKING:हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने से छठ घाटों की तैयारियों पर फिरा पानी, रातोंरात डूबे पूजा के मठ

KORBA BREAKING:हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने से छठ घाटों की तैयारियों पर फिरा पानी, रातोंरात डूबे पूजा के मठ

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 15 नवंबर 2026। ऊर्जाधानी कोरबा में पूर्वांचलवासियों का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस पर्व की शुरुआत शनिवार को खरना व्रत के साथ हुई। रविवार की शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर व्रतियों और उनके परिजनों द्वारा छठ घाटों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। हालांकि, हसदेव नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कुछ प्रमुख घाटों पर की गई व्यवस्थाएं प्रभावित हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, हसदेव नदी के किनारे स्थित पुरानी बस्ती के करन घाट सहित आसपास के अन्य छठ घाटों पर शनिवार देर रात अचानक पानी भर गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 9.30 बजे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा, जिससे पूजा के लिए नदी किनारे बनाए गए मठ पानी में डूब गए और कुछ बह गए। इन मठों को रविवार शाम होने वाली सूर्योपासना और अर्घ्य की पूजा के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया था। घाटों पर बांस-बल्ली लगाकर टेंट और अन्य व्यवस्थाएं भी की गई थीं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार तक नदी किनारे के ये स्थान पूरी तरह सूखे हुए थे और छठ पूजा के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं। देर रात अचानक जलस्तर बढ़ने से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। सुबह जब लोग घाटों पर पहुंचे तो तैयारियों को पानी में डूबा देखकर निराशा हुई। फिलहाल नदी का जलस्तर स्थिर बताया जा रहा है, लेकिन व्रतियों और आयोजन से जुड़े लोगों की मेहनत पर पानी फिर गया है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी छठ पर्व के दौरान इसी तरह की स्थिति निर्मित हुई थी। उस समय दर्री बांध से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी के किनारे स्थित छठ घाटों की व्यवस्थाएं प्रभावित हुई थीं। उस घटना को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई थी। इस वर्ष भी बिना पूर्व सूचना के जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर वही स्थिति सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव की पूर्व सूचना देने तथा छठ पर्व के दौरान घाटों पर पानी की स्थिति को नियंत्रित रखने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *