Home / Chhattisgarh / KORBA : केंदई रेंज में गजराज को देखने जुटी भीड़ हाथी ने वीडियोबनाते लोगों को दौड़ाया…

KORBA : केंदई रेंज में गजराज को देखने जुटी भीड़ हाथी ने वीडियोबनाते लोगों को दौड़ाया…

कोरबा,14 सितंबर । कोरबा के केंदई रेंज के चोटिया में नेशनल हाईवे पर अचानक एक लोनर हाथी पहुंच गया। हाथी को देखकर सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग मोबाइल से उसका वीडियो बनाने लगे। कुछ लोग सेल्फी लेने के लिए हाथी के काफी करीब भी पहुंच गए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।लोगों को अपने पास आता देख हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उनकी तरफ दौड़ पड़ा। हाथी को अपनी ओर आता देख वीडियो बना रहे लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

कुछ ही सेकंड में हाईवे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे बांसबाड़ी है। हाथी भोजन की तलाश में अक्सर यहां पहुंचते हैं। इसलिए चोटिया मुख्य मार्ग पर हाथियों का दिखना आम बात है। हालांकि, लोनर हाथी को दूसरे हाथियों की तुलना में ज्यादा खतरनाक माना जाता है।केंदई रेंज के रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि इलाके में 32 हाथियों का झुंड घूम रहा है। इनमें से एक हाथी झुंड से अलग होकर घूम रहा है। झुंड से अलग होने के कारण यह हाथी ज्यादा आक्रामक रहता है। इसलिए लोगों को इससे दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

हाथी के हाईवे पर आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सायरन बजाकर और सावधानी से हाथी को सड़क से हटाकर जंगल की ओर भेजा। साथ ही, लोगों को हाथी के पास जाने से रोका गया।वन विभाग की टीम हाथी प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग कर रही है। सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि राहगीर सतर्क रहें।वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाकर सेल्फी या वीडियो न बनाएं। हाथी को देखकर शोर न मचाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। लोनर हाथी अचानक आक्रामक होकर हमला कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *