Home / Chhattisgarh / Chhattisgarh Hockey League 2026: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आज होगा भव्य आगाज, 6 टीमों के 132 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, 1 नवंबर को फाइनल

Chhattisgarh Hockey League 2026: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आज होगा भव्य आगाज, 6 टीमों के 132 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, 1 नवंबर को फाइनल

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आज बुधवार, 21 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का भव्य शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5:30 बजे रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय खेल एवं युवा कार्यक्रम राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से और प्रदेश के खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही इस आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग में छह टीमों के कुल 132 खिलाड़ी खिताब के लिए मैदान में उतरेंगे।

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 1 नवंबर तक चलेगी। लीग में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग के आयोजन से प्रदेश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में शामिल सभी छह टीमों में 22-22 खिलाड़ी रखे गए हैं। प्रत्येक टीम में छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ियों के अलावा राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल होंगे। खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धा का अनुभव दिलाना और उनकी खेल प्रतिभा को निखारना है।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ी भी अपना दमखम दिखाएंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह को लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। सरदार सिंह का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए मजबूत मंच प्रदान करेंगी।

लीग में राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला करेंगी। टीमों के लिए मुख्य कोच और सहायक कोच भी नियुक्त किए गए हैं। खास बात यह है कि सहायक कोचों में छत्तीसगढ़ के प्रशिक्षकों को अवसर दिया गया है, जिससे प्रदेश में हॉकी प्रशिक्षण की व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गुरुवार, 22 अक्टूबर को खेला जाएगा। इससे पहले शाम 5:30 बजे महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच आयोजित होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच मुकाबले के साथ लीग मैचों की शुरुआत होगी। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस शुरुआती मुकाबले को लेकर खेलप्रेमियों में उत्साह रहने की उम्मीद है।

आयोजकों के अनुसार, 30 अक्टूबर को प्रतियोगिता में विश्राम दिवस रहेगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। खिताबी मुकाबला 1 नवंबर को शाम 7 बजे आयोजित होगा, जिसमें विजेता टीम का फैसला होगा।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश में हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। खेल विभाग को उम्मीद है कि यह लीग आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को हॉकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *