Home / Chhattisgarh / CGPSC में एक महीने से अध्यक्ष का पद खाली, नवंबर तक की भर्ती परीक्षाएं और इंटरव्यू स्थगित, अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता

CGPSC में एक महीने से अध्यक्ष का पद खाली, नवंबर तक की भर्ती परीक्षाएं और इंटरव्यू स्थगित, अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में एक महीने से अधिक समय से अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से नवंबर तक प्रस्तावित भर्ती परीक्षाएं और साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए हैं। आयोग ने इसकी आधिकारिक सूचना राज्य शासन को भेज दी है।

पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य आठ सितंबर को पद से मुक्त हुई थीं। इसके बाद से सरकार ने न तो नए अध्यक्ष की नियुक्ति की है और न ही किसी को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके चलते भर्ती से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लंबित हैं।

राज्य सेवा परीक्षा 2025 के सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 23 सितंबर से एक अक्टूबर तक होने थे, जिन्हें स्थगित कर दिया गया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 40 पदों की परीक्षा और नवंबर में प्रस्तावित पुलिस विभाग के 297 पदों की भर्ती परीक्षा भी टाल दी गई है। इनमें उप निरीक्षक, सूबेदार और प्लाटून कमांडर के पद शामिल हैं। आयोग में अध्यक्ष के अलावा एक सदस्य का पद भी रिक्त है। वर्तमान में डॉ. प्रवीण वर्मा, सरिता उइके और संतकुमार नेताम सदस्य के रूप में कार्यरत हैं।

इधर, इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में देरी और मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने पलटवार करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सीजीपीएससी में भ्रष्टाचार हुआ था, इसलिए कांग्रेस को इस मुद्दे पर राजनीति करने का अधिकार नहीं है।

फिलहाल अध्यक्ष की नियुक्ति और स्थगित परीक्षाओं की नई तारीखों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों में असमंजस बना हुआ है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *