Home / Chhattisgarh / Bastar News : संजय मार्केट में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

Bastar News : संजय मार्केट में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

ख़बर शेयर करें:

जगदलपुर, 16 अक्टूबर। बस्तर जिले के जगदलपुर में गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने संजय मार्केट स्थित सुलभ शौचालय के पास धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय मार्केट स्थित सुलभ शौचालय के पास एक युवक द्वारा हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमकाते हुए भय का माहौल बना रहा था।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सोम कुमार नाग (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय गुठलू नाग, निवासी कालीपुर अटल आवास, धरमपुरा, जगदलपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 15 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में की गई। नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, अमित सिदार, प्रधान उपनिरीक्षक रानी सोनी, प्रधान आरक्षक राजेश राजपूत, विनोद तथा आरक्षक महेंद्र पटेल, मंहगू कश्यप, वरुण ठाकुर, हरीश, बंसीलाल और रंगलाल खरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस द्वारा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *