नौसेना-एनसीबी ने पकड़ी 2000 करोड़ की ड्रग्स, 5 तस्कर गिरफ्तार

नौसेना-एनसीबी ने पकड़ी 2000 करोड़ की ड्रग्स, 5 तस्कर गिरफ्तार

February 28, 2024 Off By NN Express

अहमदाबाद । गुजरात के समुद्री तट से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और भारतीय नौसेना ने 3,132 किलोग्राम ड्रग्स बरामद की है। ये भारत में नशीले पदार्थ की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। कहा जा रहा है कि ये एक नाव में ईरान से ये ड्रग्स लाई जा रही थी। बाजार में जिसकी कीमत 2,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बताई जा रही है। 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तानी या ईरानी नागरिक है।

रिपोर्ट के मुताबिक, निगरानी मिशन पर तैनात P8I LRMR विमान को नाव के जरिए ड्रग्स तस्करी का इनपुट मिला था। इसके बाद भारतीय नौसेना के जहाजों को संदिग्ध नाव को रोकने के काम पर लगाया गया। ये नाव 2 दिन तक समुद्र में रही और भारतीय समुद्री सीमा में NCB, गुजरात पुलिस और नौसेना ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इसे रोक लिया। फिलहाल हिरासत में लिए गए पांचों लोगों को गुजरात के पोरबंदर ले जाया गया है।

सुरक्षा एजेंसियां पकड़े गए आरोपियों से ड्रग्स को कहां से कहां ले जाया जा रहा था, मालिक कौन था, इस संबंध में जानकारी जुटा रही हैं। पकड़े गए 3,132 किलोग्राम ड्रग्स में 2,950 किलोग्राम हशीश, 160 किलोग्राम मेथमफेटामाइन और 25 किलोग्राम मॉर्फिन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए लोगों के पास पहचान पत्र नहीं है। एनसीबी इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, जिसमें और जानकारी दी जा सकती है।