Home / Chhattisgarh / SECL में सुरक्षा और मशीनों की उपलब्धता पर जोर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नौ खदानें सम्मानित

SECL में सुरक्षा और मशीनों की उपलब्धता पर जोर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली नौ खदानें सम्मानित

ख़बर शेयर करें:

बिलासपुर, 28 नवंबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में सुरक्षित एवं सुचारु खनन संचालन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मशीनों की उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र ने सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारियों एवं स्टाफ ऑफिसर्स (विद्युत एवं यांत्रिकी) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में खदानों में सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन, मशीनों की उपलब्धता और कोयला प्रेषण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

निदेशक तकनीकी रमेश चंद्र महापात्र ने सुरक्षा संबंधी उल्लंघनों का समयबद्ध निराकरण करने और जारी नोटिसों पर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा अभियानों के तहत जारी सभी निर्देशों को खदान स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया। साथ ही पूर्व में हुई दुर्घटनाओं पर आधारित एनिमेटेड वीडियो के माध्यम से कामगारों को जागरूक करने और बार-बार सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों की काउंसलिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में मानसून की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा भूमिगत मशीनों और कोयला प्रेषण से संबंधित अवसंरचना की उपलब्धता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। महापात्र ने आवश्यक स्पेयर्स की समय पर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मशीनों की उत्पादकता और खनन कार्यों की निरंतरता प्रभावित न हो।

इस अवसर पर ‘खदानों में स्टील संरचनाओं की स्थिरता’ विषय पर आयोजित विशेष अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एसईसीएल की नौ खदानों को सम्मानित किया गया। अभियान के तहत मुख्यालय की समिति ने कोल इंडिया के निर्धारित मानकों के अनुरूप कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP), साइलो एवं बंकरों का निरीक्षण और मूल्यांकन किया था। इसमें प्रेषण अवसंरचना के रखरखाव, गैर-विनाशकारी परीक्षण (NDT) रिपोर्ट की अनुशंसाओं के अनुपालन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खदानों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित खदानों में जमुना कोतमा क्षेत्र की भद्रा एवं बरतराई, जोहिला क्षेत्र की पाली, भटगांव क्षेत्र की भटगांव, बिश्रामपुर क्षेत्र की केतकी, सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा, कोरबा क्षेत्र की मानिकपुर, रायगढ़ क्षेत्र की छाल और कुसमुंडा क्षेत्र की कुसमुंडा खदान शामिल हैं।

समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) प्रकाश राय तथा महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) श्रीकांत दास अपनी टीमों के साथ उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *