Home / Chhattisgarh / बलौदाबाजार में शराब बिक्री की 20.46 लाख रुपये की रकम का गबन, फरार सुपरवाइजर गिरफ्तार

बलौदाबाजार में शराब बिक्री की 20.46 लाख रुपये की रकम का गबन, फरार सुपरवाइजर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में शराब बिक्री की लाखों रुपये की रकम गबन करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गिधपुरी स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान के सुपरवाइजर ने बिक्री की 20 लाख 46 हजार 730 रुपये की राशि जमा करने के बजाय उसका गबन कर दिया और मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। मामले में गिधपुरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में प्रार्थी रजनीश प्रसाद साव (41 वर्ष), निवासी अंबिकापुर, वर्तमान पता बलौदाबाजार ने 16 नवंबर 2026 को थाना गिधपुरी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सीएमएस इंफो सिस्टम्स लिमिटेड के कैश कलेक्टर ने सूचना दी थी कि देशी कंपोजिट मदिरा दुकान गिधपुरी के सुपरवाइजर गेवेन्द्र बंजारे द्वारा शराब बिक्री की राशि जमा नहीं की जा रही है।

कंपनी की ओर से रकम जमा करने के लिए कहने पर आरोपी ने हामी भरी, लेकिन 16 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया। इसके बाद दुकान के रिकॉर्ड, बैंक जमा पर्चियों और ऑनलाइन जमा पर्चियों का मिलान किया गया। 1 नवंबर से 13 नवंबर 2026 तक की बिक्री राशि की जांच में कुल 20,46,730 रुपये का अंतर सामने आया, जिसे गबन की गई राशि बताया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गिधपुरी में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत धारा 316(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपी की तलाश के लिए गिधपुरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी गेवेन्द्र बंजारे (30 वर्ष), पिता लखन बंजारे, निवासी वार्ड क्रमांक 12, बालसमुंद रोड पलारी, थाना पलारी को 22 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गबन की गई रकम की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पूरी कार्रवाई SP गौरव राय के निर्देशन में की गई।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *