मेटा के आने वाले फीनिक्स वीआर हेडसेट की पहली झलक लीक हुई है, जिसमें इसका पतला और चश्मे जैसा डिजाइन दिखाई दे रहा है. लीक तस्वीरें होराइजन ओएस के एक फर्मवेयर पैकेज में मिली हैं. इनमें हटाए जा सकने वाले प्रिस्क्रिप्शन लेंस और अलग नोज पैड भी दिखाई देते हैं. यह डिजाइन मौजूदा भारी वीआर हेडसेट से काफी अलग नजर आता है.
लीक में दिखा पतला डिजाइन
मेटा के फीनिक्स हेडसेट की तस्वीरें होराइजन ओएस के फर्मवेयर पैकेज से सामने आई हैं. इन विजुअल को लूना ने खोजा, जिसकी रिपोर्ट अपलोडवीआर ने की है. यह सामग्री अगस्त में जारी किए गए होराइजन ओएस प्रिस्क्रिप्शन लेंस पैकेज से जुड़ी बताई जा रही है. लीक विजुअल में फीनिक्स का फ्रेम काफी पतला और चश्मे जैसा नजर आता है. इसमें पुराने वीआर हेडसेट की तरह बड़ा फेस इंटरफेस नहीं दिखता, बल्कि अलग नोज पैड दिए गए हैं. हेडसेट के किनारों और आर्म के नीचे कई सेंसर भी दिखाई देते हैं.
प्रिस्क्रिप्शन लेंस और सेटअप का तरीका
लीक विजुअल में फीनिक्स के साथ प्रिस्क्रिप्शन लेंस इंसर्ट लगाने का तरीका भी दिखाया गया है. एक एनिमेशन में ये लेंस हेडसेट के अपने लेंस के सामने लगाए जाते हुए नजर आते हैं. इससे पता चलता है कि जरूरत के हिसाब से प्रिस्क्रिप्शन लेंस को अलग से लगाया और हटाया जा सकेगा. इसी से जुड़े एक अन्य विजुअल में एक व्यक्ति डिवाइस के सामने क्यूआर कोड वाला कार्ड पकड़े दिखाई देता है. इससे संकेत मिलता है कि सेटअप के दौरान क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जा सकता है. फीनिक्स को पहले स्टेनली और लोमा जैसे अलग कोडनेम के तहत विकसित किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं.
कैमरों से दिखेगी बाहर की दुनिया
रिपोर्ट के मुताबिक फीनिक्स को प्रीमियम और हल्के मिक्स्ड रियलिटी हेडसेट के तौर पर तैयार किया जा रहा है, जो मेटा के क्वेस्ट प्रो जैसे हाई-एंड सेगमेंट में जगह बना सकता है. हेडसेट में बाहरी कंप्यूटिंग पिक का इस्तेमाल होने की उम्मीद है, जो केबल के जरिए इससे जुड़ा होगा. लीक विजुअल में बाएं टेंपल के सिरे से एक केबल निकलती हुई दिखाई देती है. हालांकि, फीनिक्स पारदर्शी स्मार्ट ग्लास की तरह काम नहीं करेगा. इसके बजाय कैमरों की मदद से बाहर की दुनिया को कैप्चर किया जाएगा और फिर उसे हेडसेट की स्क्रीन पर दिखाया जाएगा.







