Home / Chhattisgarh / बारिश के बीच 25 मिनट तक आतिशबाजी हाउसिंग बोर्ड के एलटी तार में शॉर्ट सर्किट…

बारिश के बीच 25 मिनट तक आतिशबाजी हाउसिंग बोर्ड के एलटी तार में शॉर्ट सर्किट…

कोरबा,14 सितंबर। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश के दौरान शहर के रामपुर हाउसिंग बोर्ड ब्लॉक के एलटी लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे बिजली पूरी तरह बंद हो गई। करीब 20 से 25 मिनट तक लगातार रुक-रुक कर शॉर्ट सर्किट होता रहा और पटाखे जैसी आतिशबाजी होने लगी।जानकारी के अनुसार बारिश के समय ट्रांसफार्मर से कॉलोनी के घरों तक गई एलटी लाइन में अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। तार आपस में टकराने से जोर-जोर से धमाके होने लगे। यह देखकर कॉलोनी के लोगों में डर फैल गया।

लोगों ने तुरंत अपने घरों के मेन स्विच बंद कर दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से कई घरों के बिजली के उपकरण खराब हो गए हैं। बारिश के मौसम में बिजली बंद होने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। अंधेरे के कारण घरों में सांप-बिच्छू निकलने का डर भी लोगों को सता रहा है, जिससे बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने बिजली विभाग को फोन किया। सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मेन लाइन बंद करके मरम्मत का काम शुरू किया।

काफी कोशिश के बाद लाइन को ठीक किया गया। नगर निगम क्षेत्र के मुड़ापार, अमरैयापारा सहित कई बस्तियों में भी बार-बार बिजली आ-जा रही है। रुक-रुक कर हो रही बारिश से कई जगहों पर फॉल्ट की समस्या सामने आ रही है। बार-बार बिजली बंद और चालू होने से लोगों के फ्रिज, टीवी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब होने की शिकायतें भी मिल रही हैं।बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर से घरों तक गई एलटी लाइन काफी पुरानी और खराब हो चुकी है। बारिश में तारों में चिंगारी निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लोगों ने मांग की है कि विभाग इन खराब तारों को बदले और पक्का समाधान करे, ताकि बारिश में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल, विभाग मरम्मत का काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *