नई दिल्ली,14 सितंबर : यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग में 23 साल के गेंदबाज का ऐसा कहर टूटा कि सामने वाली टीम के पास सिवाए घुटने टेकने के दूसरा कोई चारा नहीं बचा. मुकाबला था ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दो दिग्गजों की मालिकाना हक वाली टीमों के बीच. एक तरफ थी ग्लेन मैक्सवेल की बेलफास्ट वोल्व्स और दूसरी ओर मैथ्यू हेडन की ग्लास्गो कॉस्मिक. जैसे मैक्सवेल बेलफास्ट वोल्व्स के कप्तान होने के साथ-साथ उसमें मालिकाना हक भी रखते हैं. ठीक वैसे ही मैथ्यू हेडन ग्लास्गो कॉस्मिक के ना सिर्फ कोच हैं बल्कि मालिक भी हैं. इस मुकाबले में मैक्सवेल की टीम का पलड़ा हेडन की टीम पर भारी पड़ा.
बेलफास्ट वोल्व्स ने बनाए 187 रन
मैक्सवेल की टीम बेलफास्ट वोल्व्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट प 187 रन बनाए. बेलफास्ट वोल्व्स की तरफ से 2 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली. मार्क चैपमैन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए. वहीं लोरकान टकर ने 45 गेंदों में 50 रन जड़े. कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने 6 गेंदों में 13 रन बनाए. ग्लास्गो कॉस्मिक की तरफ से लायम लिविंग्सटन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए. उनके अलावा अली खान ने 2 विकेट चटकाए थे.
मैथ्यू हैम्परेज ने गेंद से किया बेस्ट प्रदर्शन
अब 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने जब ग्लास्गो कॉस्मिक की टीम जब उतरी, तो वो शुरू से ही बेपटरी ही नजर आई. इसकी वजह बने बेलफास्ट वोल्व्स के 23 साल के तेज गेंदबाज मैथ्यू हैम्परेज, जिन्होंने एक के बाद एक विकेट गिराए. उन्होंने अपने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट गिराए, जिसने ग्लास्गो कॉस्मिक की कमर तोड़ने का काम किया. ये ETPL 2026 में मैथ्यू हैम्परेज का बेस्ट प्रदर्शन हैं.
मैथ्यू हैम्परेज ने ग्लास्गो कॉस्मिक को पहला झटका अपने पहले और उसकी इनिंग के दूसरे ओवर में फिन एलन को आउट कर दिया. इससे ओपनिग जोड़ी टूटी. इसके बाद मैथ्यू हैम्परेज ने लायम लिविंग्स्टन और जिमी नीशाम को एक ही ओवर में आउट किया. इसके बाद उन्होंने रिची बेरिंग्टन का विकेट लिया.
जितने रन बनाए नहीं, उससे ज्यादा से हारी टीम
ग्लास्गो कॉस्मिक के 6 विकेट पहले ही 10 ओवर में गिरे, जिसमें से 4 विकेट अकेले मैथ्यू हैम्परेज ने चटकाए. उनके इस दमदार प्रदर्शन के चलते ग्लास्गो कॉस्मिक की टीम ना तो पूरे 20 ओवर खेल सकी और ना ही कोई बड़ा स्कोर कर सकी. उलटे ये टीम ETPL में अपने सबे छोटे स्कोर पर ढेर हो गई. ग्लास्गो कॉस्मिक 14.5 ओवर में 87 रन ही बना सकी और 103 रन से मुकाबला हार गई.







