Home / Chhattisgarh / कोरबा में 18 से 20 सितंबर तक होगा राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन

कोरबा में 18 से 20 सितंबर तक होगा राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन

कोरबा। छत्तीसगढ़ में योगासन खेल को बढ़ावा देने और प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोरबा में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ‘योगासना भारत’ के तत्वावधान और ‘छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन’ के अंतर्गत यह प्रतियोगिता 18, 19 और 20 सितंबर 2026 को आयोजित होगी।

प्रतियोगिता का आयोजन जूनियर क्लब, कोरबा में किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से चयनित योगासन खिलाड़ी, कोच और निर्णायक शामिल होंगे। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।

आयोजन की तैयारियों को लेकर पंचवटी, कोरबा में राज्य और जिला स्तर के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रतियोगिता की रूपरेखा, खिलाड़ियों की सहभागिता, खेल व्यवस्था, निर्णायक मंडल, आवास, भोजन, अनुशासन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके आवास और भोजन सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में योगासन खेल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों की रुचि बढ़ाना, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। इसके साथ ही योग को खेल के रूप में जन-जन तक पहुंचाने तथा नियमित योगाभ्यास के जरिए स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और मानसिक एकाग्रता को बढ़ावा देना भी आयोजन का उद्देश्य है।

बैठक में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र विशी, कोषाध्यक्ष भोजेंद साहू, प्रमोद अग्रवाल, दुर्गेश राठौर, सुनील अग्रवाल, इंद्रनारायण जायसवाल, राकेश साहू, सचिन विश्वकर्मा, विनोद रत्नाकर, विंद्रा चौहान, दुर्गेश तिवारी और विनीता दीक्षित सहित राज्य एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

आयोजन समिति ने प्रदेशभर के योगासन खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *