Home / Chhattisgarh / शराब के नशे में 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, 6 घंटे तक चला समझाइश का दौर; सुरक्षित नीचे उतरा

शराब के नशे में 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, 6 घंटे तक चला समझाइश का दौर; सुरक्षित नीचे उतरा

कोरबा, 13 सितम्बर 2026 । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से में बैठा देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। युवक की जान को खतरे में देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाइश शुरू की गई।

बताया गया कि युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। घटना के समय युवक शराब के नशे में था। दोपहर के समय वह गांव के पास स्थित करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब होने के कारण उसकी जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था।

युवक के टॉवर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीण नीचे जमा हो गए। परिजन लगातार उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाते रहे और समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन युवक उनकी बात मानने के लिए तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि वह कभी टॉवर के ऊपर जाता तो कभी कुछ नीचे आता और फिर वापस ऊपर चढ़ जाता था। लोगों ने उससे टॉवर पर चढ़ने की वजह भी पूछी, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया। हाईटेंशन टॉवर में बिजली प्रवाहित होने के कारण पुलिस और प्रशासन की टीम ने बेहद सावधानी के साथ युवक से बातचीत शुरू की। किसी तरह की जल्दबाजी से युवक के नीचे गिरने या करंट की चपेट में आने का खतरा था, इसलिए टीम ने लगातार बातचीत और समझाइश के जरिए उसे शांत करने का प्रयास किया।

करीब छह घंटे तक पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को नीचे उतरने के लिए समझाती रही। काफी देर बाद आखिरकार युवक नीचे आने के लिए राजी हुआ। उसके सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद परिजनों, ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। युवक को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उससे घटना के संबंध में पूछताछ शुरू की।

करतला थाना प्रभारी गणेश यादव के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तहसीलदार के साथ मिलकर युवक को काफी देर तक समझाया गया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। युवक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर उसने हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने जैसा जोखिम भरा कदम क्यों उठाया। घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। करीब छह घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना रही। युवक के सकुशल नीचे उतरने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *