Home / Chhattisgarh / सारंगढ़-बिलाईगढ़ की 40 महिला पशुपालक ओडिशा के शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना, सात दिन सीखेंगी आधुनिक पशुपालन तकनीक

सारंगढ़-बिलाईगढ़ की 40 महिला पशुपालक ओडिशा के शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना, सात दिन सीखेंगी आधुनिक पशुपालन तकनीक

ख़बर शेयर करें:
  • सारंगढ़ और बरमकेला विकासखंड की 20-20 महिला पशुपालक होंगी शामिल, पशु पोषण, दुग्ध उत्पादन और स्वास्थ्य प्रबंधन का मिलेगा प्रशिक्षण

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 नवंबर 2026। जिले की महिला पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से सात दिवसीय अंतरराज्यीय शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। कृषक कौशल विकास योजना के तहत 21 नवंबर से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में जिले की 40 महिला पशुपालक ओडिशा के विभिन्न पशुपालन, पशु चिकित्सा, कृषि एवं अनुसंधान संस्थानों का भ्रमण करेंगी।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सारंगढ़ विकासखंड की 20 और बरमकेला विकासखंड की 20 महिला पशुपालक शामिल हैं। सात दिनों के इस भ्रमण के दौरान महिलाएं ओडिशा के बरगढ़, पिपिली, भुवनेश्वर और पुरी स्थित संस्थानों में आधुनिक पशुपालन गतिविधियों और सफल मॉडलों की जानकारी प्राप्त करेंगी।

प्रशिक्षण के दौरान महिला पशुपालकों को उन्नत प्रजनन प्रबंधन, वैज्ञानिक पशु पोषण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तकनीक, हरा चारा उत्पादन, पशु रोग नियंत्रण और जैव सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला पशुपालकों की तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता बढ़ाना है। भ्रमण से प्राप्त जानकारी का उपयोग महिलाएं अपने पशुपालन व्यवसाय में कर सकेंगी। इससे पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन व्यवसाय का विस्तार करने और महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *