कोरबा। शहर के कालीबाड़ी से शांति विहार मुड़ापार जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे फैली गंदगी स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत बयां कर रही है। मार्ग के एक हिस्से में जगह-जगह कचरा और गंदगी पसरी होने से आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। वहीं, इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सफाई कर्मचारियों की तैनाती के साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था भी की गई है। महिला स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन सुबह ऑटो रिक्शा के माध्यम से विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर घरों से कचरा एकत्र करती हैं। इसके अलावा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई भी कराई जाती है।
इसके बावजूद कालीबाड़ी से शांति विहार जाने वाले मार्ग पर गंदगी का जमाव कई सवाल खड़े कर रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति और नागरिकों की लापरवाही भी ऐसी स्थिति के लिए जिम्मेदार मानी जा रही है। इससे स्पष्ट है कि केवल नगर निगम के सफाई अभियान से शहर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
आवश्यकता है कि नगर निगम इस मार्ग पर नियमित सफाई के साथ विशेष निगरानी रखे और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई करे। वहीं, नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है।







