Home / National / आंवला नवमी आज, आंवले के वृक्ष की पूजा कर मांगी जाएगी सुख-समृद्धि की कामना

आंवला नवमी आज, आंवले के वृक्ष की पूजा कर मांगी जाएगी सुख-समृद्धि की कामना

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 18 नवंबर 2026। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर बुधवार को आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इसे अक्षय नवमी के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना करेंगे। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि आंवला नवमी पर पूजा-पाठ, दान-पुण्य और जरूरतमंदों की सेवा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।

पंचांग के अनुसार, बुधवार को नवमी तिथि सुबह से प्रभावी रहेगी। कोरबा में सूर्योदय सुबह 6.13 बजे होगा। पूजा के लिए पूर्वाह्न काल सुबह 6.13 बजे से 11.44 बजे तक रहेगा। वहीं नवमी तिथि 19 नवंबर की सुबह 7.06 बजे तक रहेगी। श्रद्धालु इस अवधि में अपनी पारिवारिक परंपरा और मान्यताओं के अनुसार पूजा-अर्चना कर सकते हैं।

आंवला नवमी पर सुबह स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण कर आंवले के वृक्ष के समीप पूजा की जाती है। वृक्ष की जड़ में जल अर्पित कर रोली, अक्षत, पुष्प, धूप और दीप से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जाती है। इसके बाद वृक्ष की परिक्रमा कर भगवान विष्णु से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जाती है। कई स्थानों पर महिलाएं आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर कथा श्रवण करती हैं और परिवार के सदस्यों के साथ भोजन करने की परंपरा का निर्वहन करती हैं।

इस संबंध में पंडित महात्मा प्रसाद तिवारी ने बताया कि आंवला नवमी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। कार्तिक शुक्ल नवमी के दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि इस दिन श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के साथ ही जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और भोजन का दान करना चाहिए। मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्यों और दान-पुण्य का फल अक्षय होता है, अर्थात उसका कभी क्षय नहीं होता। इसी कारण इस तिथि को अक्षय नवमी कहा जाता है।

पंडित तिवारी ने कहा कि आंवले का वृक्ष धार्मिक महत्व के साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर है। भारतीय परंपरा में प्रकृति और वृक्षों को पूजनीय माना गया है। आंवला नवमी का पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, वृक्षों के महत्व और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पर्व को श्रद्धा और सादगी के साथ मनाने तथा अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य करने की अपील की।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *