Home / Madhya Pradesh / फरार हत्यारा गिरफ्तारः पिकनिक पर मुर्गा-शराब पार्टी के दौरान नाती ने नाना को पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट

फरार हत्यारा गिरफ्तारः पिकनिक पर मुर्गा-शराब पार्टी के दौरान नाती ने नाना को पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट

ख़बर शेयर करें:

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिछली नदी के किनारे पिकनिक मनाने और मुर्गा-शराब पार्टी करने गए दो रिश्तेदारों के बीच मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। नशे की हालत में हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही हमउम्र रिश्ते के नाना को जमीन पर पटक-पटककर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया था।

नदी किनारे चल रही थी पार्टी
सीधी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना 14 नवंबर को घटित हुई थी। ग्राम रतगा निवासी मुकेश पाव अपने हमउम्र रिश्ते के नाती भोलू पाव के साथ पिकनिक मनाने के उद्देश्य से बिछली नदी के किनारे गया था। दोनों ने नदी किनारे मुर्गा पार्टी की और जमकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। आरोप है कि गुस्से में बेकाबू हुए भोलू पाव ने मुकेश को जमीन पर पटक-पटककर इतनी बेरहमी से पीटा कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

फरार हत्यारे भोलू पाव को गिरफ्तार कर लिया

हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भोलू पाव घटनास्थल से फरार हो गया था। नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर सीधी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान भोलू पाव के रूप में हुई। पुलिस टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए फरार हत्यारे भोलू पाव को गिरफ्तार कर लिया है। जिस नदी किनारे दोनों हंसी-खुशी जश्न मनाने पहुंचे थे, शराब के नशे और क्षणिक आवेश ने वहां एक की जिंदगी खत्म कर दी, तो दूसरे को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *