उज्जैन। मध्य प्रदेश के धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में फिल्मी हस्तियों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री रवीना टंडन अपनी बेटी राशा टंडन के साथ उज्जैन पहुंचीं। रवीना टंडन ने अपनी बेटी के साथ महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की।

मंदिर समिति की ओर से हुआ स्वागत
महाकाल मंदिर पहुंचने पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवड़िया ने रवीना टंडन और उनकी बेटी राशा का स्वागत किया और मंदिर समिति की परंपरा अनुसार उनका सम्मान किया। इस दौरान बाबा महाकाल की भक्ति में लीन रवीना टंडन और राशा टंडन का सरल और सहज रूप देखने को मिला।







