Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा में धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर महोबे ने किया उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं का लिया जायजा

जांजगीर-चांपा में धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर महोबे ने किया उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के पहले दिन 15 नवंबर को जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खोखरा एवं कुटरा धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्था और किसानों की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों से एग्रीस्टैक पंजीयन, धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या और टोकन वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन केंद्रों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने, धान की व्यवस्थित स्टैकिंग करने तथा पेयजल, छाया और शेड जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर महोबे ने धान के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से संचालित रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए।

इस दौरान उप पंजीयक सहकारिता मंजू पांडेय, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *