रायपुर, 13 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में ठगी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोपों में घिरे दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। आरोपी के खिलाफ अब तक कुल 6 मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अपने होटल में कपल्स को दो घंटे के लिए 1500 रुपए किराए पर कमरे उपलब्ध कराता था। इसके बाद कथित तौर पर युवतियों को ब्लैकमेल कर उनसे पैसे वसूलता था।
पुलिस को जानकारी मिली है कि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए कपल्स के फोटो और वीडियो बनाए जाते थे। इन्हीं तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए किए जाने की आशंका है। बताया जा रहा है कि आरोपी के होटल में कई अधिकारियों और नेताओं का भी आना-जाना था।
जांच के दौरान दीपक के तीन मोबाइल फोन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के मोबाइल में कई महत्वपूर्ण व्हाट्सऐप चैट, फोटो और वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है। बिलासपुर पुलिस ने दीपक के तीनों मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है, जबकि रायपुर पुलिस ने भी बरखा का मोबाइल जब्त किया है। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों के जरिए आरोपी के कथित अवैध कारोबार और ब्लैकमेलिंग नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस को यह भी पता चला है कि दीपक ने ब्लैकमेलिंग के लिए कुछ अन्य लोगों को भी अपने साथ जोड़ रखा था। इन लोगों की भूमिका और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
भाजपा नेत्री से भी लाखों की ठगी का आरोप
आरोपी दीपक पर एक भाजपा नेत्री से भी लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उसने कई बड़े नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें सोशल मीडिया ग्रुप में साझा कर अपनी पहुंच और प्रभाव दिखाने की कोशिश की। उसके होटल में पुलिस अधिकारियों, डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों सहित अन्य लोगों का आना-जाना भी बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने कुछ अधिकारियों से ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने के नाम पर भी लाखों रुपए वसूले।
रायपुर पुलिस लेगी दीपक टंडन की रिमांड
इस मामले में रायपुर पुलिस को दीपक टंडन से पूछताछ और उसकी गिरफ्तारी की अनुमति न्यायालय से मिल गई है। अब पुलिस उसे बिलासपुर से रायपुर लाकर कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग करेगी। उल्लेखनीय है कि आरोपी की पत्नी बरखा टंडन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
रायपुर में तीन और बिलासपुर में आईटी एक्ट का मामला
दीपक और उसकी पत्नी के खिलाफ रायपुर में धोखाधड़ी के दो और अवैध कब्जे का एक मामला दर्ज है। इस तरह रायपुर में दोनों के खिलाफ कुल तीन एफआईआर दर्ज होने की जानकारी है। वहीं, बिलासपुर में दीपक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस पूरे मामले में कई अन्य लोग भी पीड़ित हो सकते हैं।
सिविल लाइन रायपुर के एसीपी रमाकांत साहू के मुताबिक, न्यायालय से आरोपी दीपक टंडन से पूछताछ की अनुमति मिल गई है। रायपुर के मामले में उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।







