अंबिकापुर, 12 नवंबर 2026। सरगुजा संभाग में हाथियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में मादा हाथी की मौत के महज दो दिन बाद अब सूरजपुर जिले के गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हाथी के एक शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। शावक का शव 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले में मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के पास जुड़वानिया लालमाटी जंगल में गुरुवार सुबह हाथी के शावक का शव मिला। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि शावक की मौत दो से तीन दिन पहले ही हो चुकी थी और उसका शव इतने समय तक जंगल में पड़ा रहा। ऐसे में वन विभाग की निगरानी और गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि जंगल में हाथियों की मौजूदगी के बावजूद गश्ती दल को इतने दिनों तक शावक के शव की जानकारी क्यों नहीं मिल सकी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुसुवामुंडा जंगल में भी एक मादा हाथी का शव मिला था। प्रारंभिक तौर पर करंट की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई गई थी, हालांकि डीएफओ ने इस आशंका को खारिज करते हुए बीमारी से मौत की बात कही थी।
इधर, सूरजपुर जिले में पिछले कुछ महीनों से कबरा कान हाथी की दहशत बनी हुई है। फिलहाल यह हाथी सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। इसी दौरान ग्राम उमेश्वरपुर में उसने एक महिला को भी कुचलकर मार डाला था।
लगातार सामने आ रही हाथियों की मौत की घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब वन विभाग के सामने हाथी के शावक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ जंगल में गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने की चुनौती है।







