बलौदाबाजार, 11 नवंबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिधौरी-टुण्डरा थाना क्षेत्र के ग्राम नरधा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बेसबॉल स्टिक, कमर में पहने बेल्ट और पत्थरों से युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर, पीठ, बाएं हाथ की कलाई और कोहनी में गंभीर चोटें आईं। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हरेली त्योहार के दौरान गांव के सुनील साहू और नवरत्न साहू के बीच विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश को लेकर 9 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे ग्राम नरधा निवासी प्रार्थी जय प्रकाश प्रधान जब ऑनलाइन सेंटर के पास खड़ा था, तभी आरोपी वहां पहुंच गए। पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू करने के बाद आरोपियों ने बेसबॉल स्टिक, बेल्ट और पत्थरों से उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना गिधौरी-टुण्डरा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 118(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बेसबॉल स्टिक, बेल्ट और पत्थर भी जब्त किए गए।
पुलिस ने मामले में नवरत्न साहू (28 वर्ष), सुनील साहू (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम नरधा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
यह कार्रवाई SP गौरव राय (IPS) के निर्देश पर की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में हिंसा और मारपीट करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







