Home / Chhattisgarh / मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना: कोरबा में 32 नए उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य, हितग्राहियों को मिलेगा 35 प्रतिशत तक अनुदान

मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना: कोरबा में 32 नए उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य, हितग्राहियों को मिलेगा 35 प्रतिशत तक अनुदान

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 12 नवंबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (सीएमईजीपी) के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के माध्यम से कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित किए जाएंगे। चालू योजना के अंतर्गत जिले को कुल 32 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को उद्योग स्थापित करने के लिए 35 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के जिला कार्यालय कोरबा के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं तथा अन्य पात्र वर्गों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत खनिज, वन, कृषि, रसायन, इंजीनियरिंग और सेवा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न उद्योगों की स्थापना की जा सकती है। इसके लिए कुल 117 प्रकार के उद्योगों को शामिल किया गया है।

इनमें दोना-पत्तल निर्माण, आटा चक्की, मसाला उद्योग, साबुन निर्माण, अचार, पापड़ एवं बड़ी निर्माण, सैलून, ब्यूटी पार्लर, होटल व्यवसाय, सिलाई कार्य और लाख निर्माण सहित अनेक स्वरोजगार आधारित गतिविधियां शामिल हैं। इच्छुक हितग्राही अपनी रुचि, कौशल और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार उद्योग का चयन कर सकते हैं।

योजना के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के महिला और पुरुष हितग्राही आवेदन करने के पात्र होंगे। आवेदक का निवास ग्रामीण क्षेत्र में अथवा वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 20 हजार से कम आबादी वाले क्षेत्र में होना आवश्यक है। पात्र आवेदकों को उद्योग स्थापना के लिए निर्धारित पात्रता एवं नियमों के अनुसार 35 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा।

जिला खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने ग्रामीण क्षेत्र के इच्छुक युवाओं, महिलाओं एवं पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया और योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला पंचायत कार्यालय, कोरबा के भू-तल स्थित कक्ष क्रमांक 20 (ग्रामोद्योग कक्ष) में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 7898985249 एवं 9074108329 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *