Home / Chhattisgarh / CG CRIME: जशपुर में दूसरी पत्नी के साथ रहता था पति, पहली पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप; आरोपी गिरफ्तार

CG CRIME: जशपुर में दूसरी पत्नी के साथ रहता था पति, पहली पत्नी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप; आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:

जशपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चरित्र पर संदेह को लेकर पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दूसरी महिला को पत्नी बनाकर उसके साथ रहने वाले पति ने अपनी पहली पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि टांगी के पासा और डंडे से हमला कर उसने पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उपचार कराने के बहाने उसे बोलेरो वाहन में लेकर गया, जहां अगली सुबह महिला का शव वाहन की बीच वाली सीट पर मिला। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुर की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोलो राम (43 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ग्राम लरंगा स्थित बालक छात्रावास में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के पद पर कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक साल पहले दूसरी महिला को पत्नी बनाकर रखने लगा था और उसके साथ पंडरापाठ क्षेत्र में रहता था। वहीं उसकी पहली पत्नी इन्द्रमुनी अपने बेटों के साथ ग्राम रनपुर में रहती थी। आरोपी जब भी गांव आता था, पत्नी के चरित्र पर संदेह कर उसके साथ विवाद और मारपीट करता था।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे आरोपी कोलो राम रनपुर स्थित अपने घर पहुंचा। दरवाजा खुलवाकर अंदर घुसने के बाद वह पत्नी के कमरे में गया और चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने जान से मारने की धमकी देते हुए टांगी के पासा से पत्नी की पीठ पर दो वार कर दिए। इसके बाद उसे घर से बाहर खींचकर पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से पीटा।

इस दौरान बेटे रोशन कुमार और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। मारपीट में इन्द्रमुनी की पीठ, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं। परिजन उसे घर ले आए। कुछ देर बाद आरोपी दोबारा पहुंचा और उपचार कराने के बहाने पत्नी को बोलेरो वाहन में लेकर चला गया।

अगली सुबह करीब 6 बजे बेटे ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी मां इन्द्रमुनी वाहन की बीच वाली सीट पर मृत पड़ी थी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। बेटे रोशन कुमार (20 वर्ष) की शिकायत पर बगीचा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में बगीचा TI निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *