रायपुर, 11 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में युवक की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया है। करीब 10 साल पुरानी रंजिश के चलते युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के लिए शव को गटर में फेंक दिया गया। मामले में तेलीबांधा पुलिस ने दो आरोपियों राजा नायडू और विनोद दांडेकर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का शव, जले हुए कपड़े और उसकी एक्टिवा बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया ने सूचना दी थी कि उसका पुत्र निरंजन पाल 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे से घर से लापता है। सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने युवक की तलाश के साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर राजा नायडू से पूछताछ की गई, जिसके बाद विनोद दांडेकर की संलिप्तता भी सामने आई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि विनोद दांडेकर को संदेह था कि करीब 10 साल पहले उसके पुत्र की हत्या में निरंजन पाल शामिल था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने राजा नायडू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों आरोपियों ने निरंजन पाल को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया। वहां उसे शराब पिलाने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य और मृतक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके कपड़े जला दिए और शव को गटर में फेंक दिया। वहीं, मृतक की एक्टिवा को बाकल नदी के पास छिपा दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर निरंजन पाल का शव बरामद किया। घटना से जुड़े जले हुए कपड़े और मृतक की एक्टिवा भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजा नायडू तेलीबांधा थाने का गुंडा-बदमाश है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।







