Home / Chhattisgarh / KORBA:मोरगा में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से एनएच-130 पर हादसा, ब्रेजा कार के तीन टायर फटे, दो लोग घायल

KORBA:मोरगा में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से एनएच-130 पर हादसा, ब्रेजा कार के तीन टायर फटे, दो लोग घायल

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 11 नवंबर 2026। कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर पुटा मंदिर के पास एक ट्रैक्टर चालक की कथित लापरवाही के चलते सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर के पीछे बांधकर ले जाए जा रहे विद्युत पोल से एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोगों को चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के तीन टायर फट गए, सामने का बंपर क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए। वाहन का टच डिस्प्ले भी उखड़ गया। कार मालिक ने दुर्घटना में करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने की बात पुलिस को दी गई शिकायत में कही है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, रायपुर निवासी रवि प्रताप मिश्रा 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे अपनी ब्रेजा कार क्रमांक CG 04 QL 3772 से परिवार के साथ वाराणसी जाने के लिए रवाना हुए थे। कार में उनके बड़े भाई विनय मिश्रा, माता सुनीता देवी, भाभी खुशबू मिश्रा और बच्चे भी सवार थे। वाहन रवि प्रताप मिश्रा स्वयं चला रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वे मोरगा चौकी क्षेत्र के पुटा मंदिर के पास एनएच-130 से गुजर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

रवि प्रताप मिश्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक लाल रंग के महेन्द्रा ट्रैक्टर में नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ट्रैक्टर चालक ने उसके पीछे विद्युत पोल बांध रखा था और बिना किसी चेतावनी संकेतक या सांकेतिक चिन्ह के विद्युत पोल को सड़क के दूसरी ओर रख दिया था। इसी दौरान रायपुर से वाराणसी जा रही उनकी ब्रेजा कार ट्रैक्टर से बंधे विद्युत पोल से जा टकराई।

टक्कर के कारण कार के सामने के दोनों पहियों सहित पीछे बाईं ओर का पहिया फट गया। सामने का बंपर क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गए। दुर्घटना में रवि प्रताप मिश्रा के सीने तथा दाहिने हाथ की कलाई के ऊपर चोट आई, जबकि उनके बड़े भाई विनय मिश्रा के सीने में भी चोट लगने की बात सामने आई है। वाहन को हुए नुकसान का आकलन करीब एक लाख रुपये बताया गया है।

मोरगा चौकी पुलिस ने रवि प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट पर लाल रंग के बिना नंबर प्लेट वाले महेन्द्रा ट्रैक्टर के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 125(1) और 324(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *