Home / Chhattisgarh / रायपुर में शांतिपूर्ण संपन्न हुई पहली दीपावली, भारी भीड़ के बावजूद पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था

रायपुर में शांतिपूर्ण संपन्न हुई पहली दीपावली, भारी भीड़ के बावजूद पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 10 नवंबर 2026। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पहली दीपावली शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। धनतेरस और लक्ष्मी पूजा के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में अपेक्षा से अधिक भीड़ उमड़ी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और बेहतर प्रबंधन के चलते सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही। त्योहार के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना, गंभीर दुर्घटना या बड़ी आपराधिक वारदात की सूचना नहीं मिली।

रायपुर कमिश्नरेट के गठन के बाद होली, गणेशोत्सव, नवरात्रि और दशहरा सहित प्रमुख त्योहार भी शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। अब धनतेरस और दीपावली के सफल आयोजन के साथ पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अपनी तैयारियों और कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया है।

दीपावली को देखते हुए पुलिस ने काफी पहले से सुरक्षा की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी थीं। संभावित भीड़, यातायात के दबाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई थी। अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।

त्योहारों के दौरान अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी तेज रखी। चाकूबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के साथ अवैध रूप से चाकू एवं हथियार रखने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गुंडा-बदमाशों, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों की लगातार चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।

बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती, आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था के माध्यम से लोगों की आवाजाही को सुगम बनाया गया। इसके अलावा लगातार पेट्रोलिंग, पैदल गश्त और निगरानी के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

महिला सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मैदानी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे त्योहार के दौरान मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।

नागरिकों और व्यापारिक संगठनों का जताया आभार

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने दीपावली सहित सभी प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग देने वाले नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में सफलता मिली।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *