Home / Chhattisgarh / KORBA:कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

KORBA:कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

ख़बर शेयर करें:

कोरबा,09 नवंबर 2026। कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक अपनी बाइक से पोड़ी उपरोड़ा की ओर से कटघोरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास एक ट्रेलर की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा और बांगो पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा मृतक युवक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही हादसे के बाद फरार हुए ट्रेलर और उसके चालक की तलाश भी की जा रही है।

कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर भालू मोड़ के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार भारी वाहनों से होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान और दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *