Home / Chhattisgarh / कोरबा के सतरेग में जिया रानी गम्मत कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी, युवक के गले पर किया वार; हालत गंभीर

कोरबा के सतरेग में जिया रानी गम्मत कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी, युवक के गले पर किया वार; हालत गंभीर

ख़बर शेयर करें:

कोरबा,07 नवम्बर 2026। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सतरेग में आयोजित जिया रानी गम्मत पार्टी के दौरान देर रात चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। कार्यक्रम के दौरान करीब रात 2 बजे एक अज्ञात युवक ने राजेश कंवर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेश के गले पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सतरेग में जिया रानी गम्मत पार्टी का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान देर रात करीब 2 बजे किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि विवाद के बीच एक अज्ञात युवक ने राजेश कंवर के गले पर चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घायल राजेश कंवर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही लेमरू थाना पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में थे। हालांकि, चाकूबाजी की वास्तविक वजह क्या थी और हमला किस विवाद के चलते किया गया, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हमलावर की पहचान भी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी की पहचान, हमले के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस की जांच पर नजर बनी हुई है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *