Home / Uttar Pradesh / अयोध्या दीपोत्सव 2026: 30 लाख दीपों से जगमग सरयू तट, सीएम योगी बोले- ‘राम भक्तों पर गोलियां चलाने वाले पहले माफी मांगें, फिर रामनगरी आएं’

अयोध्या दीपोत्सव 2026: 30 लाख दीपों से जगमग सरयू तट, सीएम योगी बोले- ‘राम भक्तों पर गोलियां चलाने वाले पहले माफी मांगें, फिर रामनगरी आएं’

ख़बर शेयर करें:

रामनगरी अयोध्या में भव्य 10वें दीपोत्सव के अवसर पर शनिवार की शाम आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 30 लाख दीपों से सरयू नदी के तट जगमग हो उठे। साथ ही सरयू तट पर ‘राम की पैड़ी’ में ड्रोन शो भी दिखाया गया।

साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा

इससे पहले साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें रामायण आधारित झांकियों, लोकनृत्यों और जय श्रीराम के जयघोष ने रामनगरी को भक्तिमय बना दिया। इसमें प्राचीन संस्कृति के साथ आधुनिक अयोध्या के विकास की झलक भी देखने को मिली।

36 वर्ष पहले सरयू नदी राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुई थी – सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव 2026 को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपने देखा है कि राम की पैड़ी पर आज लाखों दीपक जगमगा रहे हैं। ठीक 36 वर्ष पहले इसी सरयू नदी का जल राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुआ था। अयोध्या की गलियों को जिन लोगों ने आज से 36 वर्ष पहले रक्तरंजित किया था, जो लोग राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा कर रहे थे, जिन्होंने राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, वे आज फिर से सिर उठाने का प्रयास कर रहे हैं। वे जानते हैं आज के भारत की ताकत, वे राम भक्तों की ताकत जानते हैं। जो लोग पहले कहते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, जो लोग अयोध्या में जय राम बोलने को प्रतिबंधित करते थे, आज गाहे-बगाहे वे लोग भी राम मंदिर में दर्शन करने का सपना देख रहे हैं।’

सीएम योगी पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना प्रहार करते हुए कहा, ‘आइए, पहले राम भक्तों से और उन कार्यसेवकों, उन पूज्य संतों से माफी जरूर मांगिए। जिन्होंने अयोध्या को बदनाम किया था, वे अपने कृत्यों के लिए सार्वजनिक माफी मांगें।’

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *