Home / Chhattisgarh / बलौदाबाजार में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

बलौदाबाजार में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

ख़बर शेयर करें:

बलौदाबाजार,06 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा शहर में जैन मंदिर के पास एक घर में साफ-सफाई के दौरान हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की सुबह जैन मंदिर के पास स्थित एक मकान में साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान लोहे के एक पाइप में बिजली का करंट प्रवाहित होने लगा। पाइप के संपर्क में आते ही एक व्यक्ति करंट की चपेट में आकर उससे चिपक गया। उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य और लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन उसे छुड़ाने के प्रयास में वे भी करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सभी प्रभावित लोगों को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राकेश गुप्ता (45 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम लाल गुप्ता तथा उनके पुत्र ओम गुप्ता (24 वर्ष) के रूप में हुई है।

वहीं, राकेश गुप्ता की पत्नी वर्षा गुप्ता (45 वर्ष) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के अनुसार, घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। लोहे के पाइप में करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान ले ली।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *