- शिवरीनारायण में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, स्कूल प्रबंधन को कमियां दूर करने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम
जांजगीर-चांपा, 04 नवंबर 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्कूल बसों का सुरक्षित संचालन कराने के उद्देश्य से शिवरीनारायण क्षेत्र में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक स्कूल बस जब्त की गई, जबकि दो बसों के खिलाफ कुल 7 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में यह जांच अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने शिशु मंदिर और ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल की बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े अन्य जरूरी मानकों की जांच की गई।

जांच के दौरान बसों में पाई गई अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं, अन्य स्कूल बसों में मिली छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सात दिनों का समय दिया गया है। उन्हें निर्धारित समय सीमा में सभी जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस ने बस चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल प्रबंधन को भी विद्यार्थियों के परिवहन में उपयोग होने वाले सभी वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) विवेक सिन्हा और यातायात निरीक्षक रामकुमार जैन उपस्थित रहे।
पुलिस एवं परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल बसों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों एवं जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







