Home / Sports / 52 छक्के… ईशान किशन ने 9 दिन में तीसरी बार दिया लाजवाब होने का सबूत, खतरे में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड

52 छक्के… ईशान किशन ने 9 दिन में तीसरी बार दिया लाजवाब होने का सबूत, खतरे में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड

नई दिल्ली,16 सितंबर : ईशान किशन ने 9 दिन में तीसरी बार लाजवाब होने का सबूत पेश किया है? आप कहेंगे कि भला वो कैसे? तो इसका जवाब 6 सितंबर से 15 सितंबर के बीच मचाए उनके धमाल में मिलता है. इस दौरान बस फॉर्मेट बदलता दिखा, ईशान का अंदाज और मिजाज नहीं. बड़ी बात ये है कि ईशान किशन अब सूर्यकुमार यादव के भारतीय रिकॉर्ड के लिए भी खतरा बन चुके हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं लेकिन आगे आने वाली T20 सीरीज में ईशान अगर एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बनते दिखें तो हैरानी नहीं होगी.

9 दिन में तीसरी बार दिया लाजवाब होने का सबूत!
अब सबसे पहले तो ये जानिए कि ईशान किशन ने 6 सितंबर से 15 सितंबर के बीच किया क्या? 6 सितंबर को उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया. ईशान ने ये कारनामा दलीप ट्रॉफी के फाइनल में किया, जहां उनके उस दोहरे शतक की बदौलत उनकी टीम ईस्ट जोन ने वेस्ट जोन को हरा दिया था.

इसके बाद 13 सितंबर को एक बदले फॉर्मेट में ईशान किशन टीम इंडिया की जर्सी पहने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर अफगानिस्तान के खिलाफ पहला T20 खेलने उतरे और उसमें 33 गेंदों में ही 42 रन ठोक दिए.

उसके बाद 15 सितंबर को खेले अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे T20 में ईशान किशन ने सिर्फ 23 गेंदों में नाबाद 38 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर लौटे.

इस साल 52 इंटरनेशनल छक्के
ईशान किशन इस साल टेस्ट प्लेइंग नेशन के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 52 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं. वो इस साल कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. ईशान किशन ने अब तक 173 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 892 रन बनाए हैं.

सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड खतरे में पड़ा
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है. उन्होंने 2022 में 187 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाए थे. ईशान किशन जिस फॉर्म में हैं, इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है कि वो सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ते दिखें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *