Home / Chhattisgarh / कोरबा: गंगा नगर बाजार के पास चाकू दिखाकर राहगीरों से डकैती, दो आरोपी गिरफ्तार, तीन मोबाइल और नकदी बरामद

कोरबा: गंगा नगर बाजार के पास चाकू दिखाकर राहगीरों से डकैती, दो आरोपी गिरफ्तार, तीन मोबाइल और नकदी बरामद

ख़बर शेयर करें:
  • कुसमुंडा पुलिस की कार्रवाई, मारपीट कर लूटे थे तीन मोबाइल फोन और नकदी; कुल 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद

कोरबा, 03 नवंबर 2026। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में गंगा नगर बाजार के पास राहगीरों को रोककर मारपीट और चाकू दिखाकर डकैती करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे की है। प्रार्थी अपने साथियों सुरेंद्रपाल कंवर, ज्योतिश कुमार, उमेश कंवर, प्रमोद कंवर और अजय सिंह के साथ ग्राम खोडरी से लौट रहा था। इसी दौरान गंगा नगर बाजार के पास 7 से 8 अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोपियों ने हाथ-मुक्के, बेल्ट और डंडे से सभी के साथ मारपीट की। इसके बाद चाकू दिखाकर उन्हें डराया और तीन मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूटे गए मोबाइल में विवो Y31, ओप्पो A5 और विवो Y18 शामिल थे। ओप्पो मोबाइल के साथ पर्स और 500 रुपये नकद भी लूटे गए थे। मारपीट में पीड़ित और उसके साथियों को चोटें आई थीं।

पीड़ित की शिकायत पर कुसमुंडा थाना में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305 और 3(5) में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना और जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निशांत प्रसाद केंवट (20 वर्ष), निवासी कुदरीपार, थाना बांकीमोंगरा और शिवा बिंझवार (20 वर्ष), निवासी मोंगरा बस्ती, थाना बांकीमोंगरा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *