झारखंड के सिमडेगा जिले से ऐसा मामला सामने आया है कि जिसमे मानवता को शर्मसार कर दिया है. यहां एक युवक ने अपने दोनों भाइयों का इसलिए कत्ल कर दिया क्योंकि उन्होंने उससे मां के अपमान को लेकर सवाल पूछा था. दरअसल युवक ने 12 जुलाई को अपनी मां पर काला जादू करने का आरोप लगाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की थी. इसे लेकर दो भाइयों ने जब उससे सवाल किए तो उसने गुस्से में अपने भाइयों की भी हत्या कर दी.
ये पूरा मामला झारखंड के सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वालवे मामा भगिना मुंडू टोली गांव का है. यहां आरोपी नवीन भेंगरा अपनी मां के साथ रहता था. उसने अपनी मां मोनिका जोजो की ये कहकर पिटाई की वो काला जादू करती थी और डायन बिसाही है. उसने अपनी मां को इतनी बेरहमी से पीटा कि उन्हें इलाज के लिए सिमडेगा से रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मां की पिटाई की वजह पूछने पर गंवाई जान
सोमवार को घायल महिला मोनिका जोजो के दोनों बेटे पीटर जोजो और असीम जोजो अपने भाई के पास आए. उन्होंने उससे मां के साथ मारपीट की वजह औरअपमान का कारण पूछा. इसे लेकर युवक का अपने दोनों भाइयों के साथ विवाद हुआ और बात मारपीट तक पहुंच गई.
नवीन ने लाठी से दोनों भाइयों के सिर पर जोरदार वार किए. जिसकी वजह से वो जमीन पर गिर गए. इसके बाद आरोपी ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए उन पर लाठी से ताबड़तोड़ वार किए. दोनों भाइयों की हत्या करने के बाद वो फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस हत्याकांड की सूचना स्थानीय लोगों ने जलडेगा थाना की पुलिस दी. हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतक भाइयों को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पुलिस ने पड़ोसी गांव में छापेमारी कर डबल मर्डर के आरोपी नवीन भेंगरा को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी नवीन भेंगरा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. उसने कहा कि वह अगर दोनों भाइयों की हत्या नहीं करता तो वे दोनों उसकी हत्या कर देते. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल में खून से सना डंडा बरामद कर लिया है.


