जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक चाकू जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केरा रोड स्थित खोखरा नहर पुल के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है और हथियार लेकर मारने के लिए दौड़ा रहा है।
सूचना मिलते ही मामले से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंण्डेन यॉर्क और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हिमांशु डहरिया उर्फ मोनू (22 वर्ष), पिता विनोद डहरिया, निवासी भाटापारा जांजगीर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर तथा आरक्षक संतुका खुटे और दिलीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।







