लाठी-डंडे से पीटा, आंख में मिर्च पाउडर डाला, लड़की के घरवालों ने बॉयफ्रेंड की ली जान, 7 अरेस्ट

महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक युवक को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि किस प्रकार लोगों ने युवक के साथ बर्बरता की. युवक की आंख में मिर्च पाउडर डाला गया, लाठी-डंडे से बेहरमी से पीटा गया. एक महिला भी युवक के साथ मारपीट कर रही है. हालांकि अब युवक इस दुनिया में नहीं है. पिटाई के 15 दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

लातूर एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मामला भादा गांव का है. प्रेम-प्रसंग के चलते 15 दिन पहले युवक की जमकर पिटाई की गई थी. पिटाई के चलते युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन दो दिन पहले ही उसकी मौत हो गई. एसपी ने बताया कि युवक की पिटाई करने वालों पर हत्या की धारा जोड़ी गई है. साथ ही सात आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

लातूर एसपी ने बताया कि आज एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों ने युवक की जबरन पिटाई की और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. वहीं गांव वालों ने बताया कि मृतक युवक का गांव की ही एक लड़की से अफेयर था.

पुलिस ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार

वह लड़की से मिलने के लिए गांव आया था, लेकिन इसकी भनक लड़की के घरवालों को लग गई. उन्होंने युवक को पकड़ लिया और बेहरमी से उसके साथ मारपीट की. साथ ही उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिसके चलते वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. गांव वालों ने बताया कि दो दिन पहले ही उसकी मौत हो गई थी. पुलिस ने हत्या के आरोप में लड़की के परिवार के सात लोगों को गिरफ्तार किया है.