घर में शादी की चल रही थी तैयारी, दुल्‍हन बनने से सात द‍िन पहले युवती की मौत….जानिए मामला….

 बस्‍ती के दुबौलिया थानाक्षेत्र के रमना तौफीर गांव में 25 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। दुबौलिया पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। बता दें क‍ि युवती की शादी 22 जून को होनी थी। घटना से घर में कोहराम मच गया।

कमरे में म‍िला युवती का शव

मैना पुत्री मुन्नन राजभर गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद बरामदे में सो गई थी। देर रात वह चारपाई पर नहीं दिखी तो पर‍िजन उसको ढूंढते हुए बगल के कमरे में पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था।

आवाज लगाई, लेक‍िन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में पर‍िजनों ने खिड़की से झांका तो मैना को छत की कुंडी से फंदे के सहारे लटके देख उनके होश उड़ गए। शुक्रवार की सुबह दुबौलिया पुलिस और फोरेंसिक टीम ने गांव में पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के बाद परि‍जनों से घटना के संबंध में पूछताछ की।

22 जून को होनी थी शादी

मैना की शादी वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के एक युवक से 22 जून को होनी थी। इसके पहले ही उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसआइ राजेश तिवारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। मैना ने यदि फांसी लगा कर जान दी है तो ऐसा उसने क्यों किया इस बिंदु पर भी पुलिस जांच करेगी।