रायपुर, 11 सितम्बर 2026। राजधानी रायपुर में स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने 10 सितंबर को इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में छापेमारी कर संचालक और मैनेजर को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, नियमित चेकिंग के दौरान इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने स्पा सेंटर में दबिश दी। जांच के दौरान आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद होने पर मामले की पड़ताल आगे बढ़ाई गई। जांच में पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर, निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3 द्वारा अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था।
पुलिस ने स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवतियों ने संचालक और मैनेजर पर जबरन देह व्यापार कराने के आरोप लगाए। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।







