ब्यूटी पार्लर संचालिका के व्यापार में तरक्की के लिए किये जा रहे धार्मिक अनुष्ठान के दौरान एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित को हिरासत में ले लिया।
व्यवसाय नहीं सही चल रहा था
कस्बा निवासी एक 32 वर्षीय महिला ब्यूटी पार्लर एवं कॉस्मेटिक्स की दुकान करती है। महिला के अनुसार पिछले काफी समय से उसका व्यवसाय ठीक नहीं चल रहा था। महिला ने बॉबी जोशी निवासी मोहल्ला रामनगर को अपनी समस्या बताई। उक्त युवक ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह धार्मिक अनुष्ठान के द्वारा उसके व्यापार में जो बाधा आ रही है उसे दूर कर देगा।
अनुष्ठान के बारे में बताया
पीड़िता के अनुसार शनिवार को अपराह्न उसके पास आए युवक ने अनुष्ठान के लिए सामान के बारे में बताया तथा कहा कि अनुष्ठान के दौरान उसके परिवार का कोई सदस्य उसके साथ मौजूद न रहे। रात्रि लगभग नौ बजे अनुष्ठान करने उसके घर आये आरोपित ने अनुष्ठान आरंभ करने के कुछ देर बाद उसके साथ अश्लील हरकत आरंभ कर दी। पीड़ित के अनुसार आरोपित नशे में था।
आरोपित की हरकतों का किया विरोध
पीड़िता ने आरोपित की हरकतों का विरोध किया तो उसने कहा कि ऐसा करने पर अनुष्ठान का विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इसके बाद आरोपित ने महिला से दुष्कर्म किया। पीड़िता के चीखने पर उसकी बहन वहां आई तो उसने घटना के बारे में बताया। पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने आरोपित बॉबी जोशी को मौके से हिरासत में ले लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरिपित के विरुद्ध दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार तोमर ने घटना की पुष्टि तथा आरोपित को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है।


