धमतरी, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुजगहन में हुए दीपांशु साहू हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच ग्राम मुजगहन में सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने दीपांशु साहू और विकास साहू पर हमला कर दिया था। आरोप है कि रत्नाबांधा और पंचवटी कॉलोनी क्षेत्र के युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते दोनों के साथ मारपीट की और डंडे व धारदार चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दीपांशु साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले में घायल विकास साहू का उपचार जारी है। घटना के संबंध में ग्राम मुजगहन निवासी ऐकेश्वर साहू ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 22 अक्टूबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 23 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपियों में शंकर नागरची (19 वर्ष), पिता पुनीत नागरची, निवासी ग्राम रत्नाबांधा, तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19 वर्ष), पिता दिनेश नागरची, निवासी रत्नाबांधा गौराचौरा के पास और धनेश्वर नागरची (22 वर्ष), पिता पुनीत नागरची, निवासी ग्राम रत्नाबांधा शामिल हैं। तीनों आरोपी धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। इन सामानों को मामले की विवेचना में शामिल किया गया है।
इससे पहले 22 अक्टूबर को पुलिस ने फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), रितेश नेताम (22 वर्ष), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष) और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। चारों आरोपी रत्नाबांधा क्षेत्र के निवासी हैं। इस तरह मुजगहन हत्याकांड में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि हत्याकांड की विवेचना अभी जारी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







