पूर्व डिप्टी CM Manish Sisodia ने देश के नाम लिखी चिट्ठी, कहा- ‘जेल भेजो या फांसी दे दो’

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने जेल से देश के नाम चिट्ठी लिखी है. उन्होंने कविता के माध्यम से शिक्षा के महत्व को बताया है. इस पत्र को दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट भी किया है. जिसमें सिसोदिया ने एक कविता के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए लिखा है कि अगर हर गरीब का बच्चा पढ़ गया तो ‘चौथी पास राजा’ का राजमहल तक हिल जाएगा.

मनीष सिसोदिया ने कविता के माध्यम से शिक्षा के महत्व को बताते हुए लिखा है, “अगर हर गरीब को मिली किताब तो नफरत की आंधी कौन फैलाएगा, सबके हाथों को मिल गया काम, तो सड़कों पर तलवारें कौन लहराएगा, अगर पढ़ गया, हर गरीब का बच्चा तो चौथी पास राजा का राजमहल हिल जाएगा.”

सिसोदिया ने आगे कविता में लिखा कि अगर हर किसी को मिल गई अच्छी शिक्षा और समझ तो इनका व्हाट्सएप का विश्वविद्यालय बंद हो जाएगा. पढ़े-लिखे और समझदारी की बुनियाद पर खड़े समाज को कोई कैसे कौमी नफरत के माया जाल में फंसा सकता है? अगर पढ़ गया एक-एक गरीब का बच्चा तो चौथी पास राजा का राजमहल हिल जाएगा.

उन्होंने आगे लिखा है, “अगर पढ़ गया समाज का हर बच्चा तो तुम्हारी चालाकियों और कुनितियों पर सवाल उठाएगा. अगर गरीब को मिल गई कलम की ताकत, तो वो अपने ‘मन की बात’ सुनाएगा. अगर पढ़ गया एक-एक गरीब का बच्चा तो चौथी पास राजा का राजमहल हिल जाएगा.

“जेल भेजो या फांसी दे दो”

चिट्ठी के अंत में मनीष सिसोदिया ने दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के काम की तारीफ में लिखा कि दिल्ली और पंजाब के स्कूलों में हो रहा शंखनाद पूरे भारत में अच्छी शिक्षा की अलख जगाएगा. जेल भेजो या फांसी दे दो, ये कारवां रुक नहीं पाएगा. अगर पढ़ गया हर गरीब का बच्चा, राजमहल तुम्हारा हिल जाएगा.