Home / Chhattisgarh / रायगढ़ रोड पर मिला अज्ञात महिला का शव, क्षेत्र में सनसनी…

रायगढ़ रोड पर मिला अज्ञात महिला का शव, क्षेत्र में सनसनी…

घरघोड़ा, 11 सितम्बर : रायगढ़ रोड स्थित अमलीडीह-भालुमार के बीच पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सुबह राहगीरों ने सड़क पर पड़े शव को देखा, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल 112 डायल कर पुलिस को दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। महिला के हाथ के पास एक प्लास्टिक का थैला भी पड़ा मिला है।

हालांकि, शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या महिला को किसी वाहन ने टक्कर मारी थी, या इसके पीछे कोई और रहस्य छिपा है। घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस हरकत में आई। तत्काल शव वाहन के माध्यम से महिला के शव को घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने अज्ञात महिला की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के गांवों और थानों में भी जानकारी भेजी जा रही है ताकि महिला की पहचान हो सके। पुलिस फिलहाल महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और पूरी घटना का खुलासा हो पाएगा। जब तक महिला की पहचान नहीं हो जाती, तब तक यह मामला और भी पेचीदा बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *