केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आ रही है। सूत्रों से बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम नितिन गडकरी को यह धमकी दी गई है। केंद्रीय मंत्री के दिल्ली स्थित उनके आवास पर उन्हें फोन के जरिए जान से मारने की यह धमकी दी गई है। नितिन गडकरी को धमकी दिये जाने के बाद मंत्री के कार्यालय ने दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी है। दिल्ली पुलिस फिलहाल इस मामले में की जांच कर रही है।
हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी मिली है। इससे पहले भी उन्हें इस तरह की धमकी मिल चुकी है। इस साल इससे पहले भी एक ऐसी खबर सामने आई थी। उस वक्त केंद्रीय सड़क औऱ परिवहन मंत्री से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी गई थी। उस वक्त फोन करने वाले ने खुद को जयेश पुजारी उर्फ जयेश कांत बताया था। उस वक्त केंद्रीय मंत्री के नागपुर में स्थित जनसंपर्क कार्यालय में यह फोन किया गया था। फोन करने वाले ने 10 करोड़ रुपये नहीं देने पर केंद्रीय मंत्री को नुकसान पहुंचाने की बात कही थी।
बाद में नागपुर पुलिस ने कर्नाटक के बेलगावी से जयेश को गिरप्तार किया था। यह पता चला था कि जयेश पुजारी ने तीन बार ऑरेंज सिटी अस्पताल के पास स्थित गडकरी के कार्यालय में फोन किया था और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। 14 जनवरी को जयेश पुजारी ने फरार माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम कासकर का खास होने का दावा करते हुए गडकरी के कार्यालय में फोन कर 100 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और 21 मार्च को जब उसने फोन किया था तब उसने 10 करोड़ रुपये की मांग की थी।


