Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा: नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार, साइबर पुलिस की मदद से सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दबोचा गया

जांजगीर-चांपा: नाबालिग से दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार, साइबर पुलिस की मदद से सारंगढ़-बिलाईगढ़ में दबोचा गया

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपराध दर्ज होने के बाद से अपने निवास स्थान से फरार था। पुलिस ने साइबर थाना जांजगीर की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम थारगांव से उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 8 मार्च 2026 को मुलमुला थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी नंदलाल साहू (24 वर्ष), निवासी ग्राम रानीगढ़, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने सुनसान स्थान का फायदा उठाकर नाबालिग के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया था।

शिकायत के आधार पर मुलमुला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 425/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(1), 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि, अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान साइबर थाना जांजगीर की सहायता से आरोपी के ठिकाने की जानकारी मिली।

इसके बाद मुलमुला पुलिस ने 21 अक्टूबर 2026 को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम थारगांव में दबिश देकर आरोपी नंदलाल साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, पीएसआई पुरेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *